श्रीगणेशपुराण - एक परिचय
अत्यन्त प्राचीन काल की बात है, सौराष्ट्रदेश के प्रसिद्ध देवनगर में शास्त्र -
मर्मज्ञ सोमकान्त नामक धर्मपरायण एक नरेश थे। वे अतिशय सुन्दर, विद्वान्, धनवान्,
तेजस्वी एवं पराक्रमी थे। उनकी बुद्धिमती, अनिन्द्य सुन्दरी, धर्मपरायणा सती पत्नी
का नाम सुधर्मा था । सुधर्मा के गर्भ से हेमकण्ठ नामक अत्यन्त सुन्दर, शूर,
पराक्रमी एवं विद्या- विनय - सम्पन्न पुत्र उत्पन्न हुआ। हेमकण्ठ अपने माता-पिता के
सर्वथा अनुकूल था और वह सोमकान्त के शासन-कार्य में दक्षतापूर्वक सहयोग प्रदान करता
रहता था । रूपवान्, विद्याधीश, क्षेमंकर, ज्ञानगम्य और सुबल नामक पाँच स्वामिभक्त
अमात्य भी राजा सोमकान्त की प्रत्येक रीति से सेवा किया करते । सोमकान्त के राज्य
में प्रजा समृद्ध एवं सुखी थी। वह सर्वथा निरापद जीवन व्यतीत करती थी । साधु और
ब्राह्मण निश्चिन्त होकर श्रीभगवान् की आराधना किया करते थे। सहसा सोम-तुल्य राजा
सोमकान्त को गलितकुष्ठ हो गया। उनके शरीर में सर्वत्र घाव हो गये। उनसे रक्त और पीब
बहने लगा। नरेश ने प्रख्यात चिकित्सकों से अनेक उपचार करवाये, किंतु उनसे उनको कोई
लाभ नहीं हुआ। यशस्वी नरपति अत्यन्त निर्बल तो हो ही गये थे, उनके व्रणों में कीड़े
पड़ गये और उनसे दुर्गन्ध निकलने लगी।
